राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चौधरी जयंत सिंह को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है, वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
अज्ञात नंबर से धमकी भरा कॉल
प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से मंत्री जी को कॉल आया। कॉल उठाते ही सामने वाले व्यक्ति ने सीधे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर MP5 जैसे आधुनिक हथियार का जिक्र करते हुए हत्या की बात कही और तुरंत कॉल काट दिया।
व्हाट्सएप पर धमकी और संवेदनशील जानकारी लीक
कॉल के बाद व्हाट्सएप पर मंत्री जी की तस्वीर के साथ “इनको गोली मार दो” जैसे आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। इसके साथ ही कथित सरकारी टूर प्रोग्राम और लोकेशन डिटेल्स भी साझा किए गए। कई वॉयस मैसेज में लगातार धमकियां दी गईं।
जब दोबारा संपर्क किया गया तो आरोपी ने दावा किया कि उसे यह जानकारी “ऊपर से” मिली है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
पुलिस में शिकायत, जांच शुरू
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई और सभी डिजिटल साक्ष्य सौंप दिए गए हैं। पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुट गई हैं।
संदिग्ध गतिविधियों से बढ़ी चिंता
मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। मंत्री आवास के पिछले गेट पर एक संदिग्ध व्यक्ति निगरानी करता देखा गया। वहीं तीन दिन पहले एक सफेद स्विफ्ट कार काले शीशों के साथ कोठी के पास खड़ी रही, जिसमें सवार लोग काफी देर तक गतिविधियों पर नजर रखते देखे गए।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता चौधरी सत्येन्द्र सिंह तोमर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही मंत्री की सुरक्षा बढ़ाने की भी अपील की।
सुरक्षा और गोपनीयता पर सवाल
इस घटना ने न केवल एक केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था पर बल्कि सरकारी टूर प्रोग्राम जैसी संवेदनशील जानकारी के लीक होने पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं और जल्द खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।