पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) और आम जनता उन्नयन पार्टी ने गठबंधन का एलान कर दिया है। इसकी जानकारी एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और पार्टी संस्थापक हुमायूं कबीर ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
दोनों दलों के बीच अधिकांश सीटों पर सहमति बन चुकी है, जबकि कुछ सीटों को लेकर बातचीत जारी है। ओवैसी ने कहा कि बची हुई सीटों पर भी जल्द फैसला कर लिया जाएगा।
पूर्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से निष्कासित नेता हुमायूं कबीर ने कहा कि यह गठबंधन राज्य में मजबूती से चुनाव लड़ेगा। उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियां मिलकर करीब 182 से 192 उम्मीदवार मैदान में उतारेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य पार्टी कार्यालय खोलने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
ओवैसी ने कहा कि इस गठबंधन का उद्देश्य पश्चिम बंगाल में मुस्लिम अल्पसंख्यकों के राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करना है और वे पूरी कोशिश करेंगे कि यह गठबंधन सफल हो।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि 4 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।