चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में परीक्षा कॉपियों का मूल्यांकन एआई (Artificial Intelligence) के माध्यम से कराने के प्रस्ताव के विरोध में छात्रों ने कुलसचिव कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता अक्षय बैंसला ने कुलसचिव को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि एआई के माध्यम से कॉपियों का मूल्यांकन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विश्वविद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित नहीं हो रहीं, शिक्षक समय पर उपस्थित नहीं रहते और शैक्षणिक व्यवस्था अव्यवस्थित है, ऐसे में यह फैसला छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय है।
छात्रों ने मांग की कि पहले विश्वविद्यालय अपनी बुनियादी शैक्षणिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करे, नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए और शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की जाए। इसके बाद ही किसी नई तकनीक को लागू करने पर विचार किया जाए।
छात्र नेताओं का कहना है कि बिना पर्याप्त तैयारी और पारदर्शिता के एआई के जरिए मूल्यांकन लागू करना पूरी तरह अनुचित है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में शुभम भड़ाना, विशाल पायला, आलोक बैंसला, शान मोहम्मद, पवनीश यादव और शिवम सिंह समेत कई छात्र मौजूद रहे।