दिल्ली के पालम इलाके में एक मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिल सका।
वहीं ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की लगभग 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी, उसके भूतल पर कॉस्मेटिक्स की दुकान थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर परिवार रहता था। घटना के समय घर में कितने लोग मौजूद थे, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ पाई है।
इस दुखद घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं संजय सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।