देश में पेट्रोल और डीज़ल की कमी को लेकर फैल रही खबरों के बीच Indian Oil Corporation Limited (IOCL) ने बुधवार को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
कंपनी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफ़वाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। IOCL के अनुसार, ऐसी भ्रामक खबरें बेवजह चिंता पैदा करती हैं और सप्लाई सिस्टम पर दबाव डाल सकती हैं।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि देशभर में उसके सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और वे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर खरीदारी (panic buying) न करें और केवल आधिकारिक व विश्वसनीय जानकारी पर ही भरोसा करें।
इससे पहले मंगलवार रात Hindustan Petroleum Corporation Limited (HPCL) ने भी इसी तरह का बयान जारी किया था। HPCL ने कहा कि देशभर में पेट्रोल, डीज़ल और एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त भंडार मौजूद है।
तेल कंपनियों के इन बयानों के बाद यह साफ हो गया है कि ईंधन संकट की खबरें सिर्फ अफ़वाह हैं और आम लोगों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है।