ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी ने एक इसराइली हवाई हमले में मारे गए अली लारिजानी की हत्या का “निर्णायक” बदला लेने की धमकी दी है। इस घटनाक्रम के बाद मध्य-पूर्व क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
ईरान ने मंगलवार को अपनी सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। इससे पहले इसराइल ने हवाई हमले में लारिजानी के मारे जाने का दावा किया था।
अमीर हातामी ने अपने बयान में कहा कि “सही समय और सही स्थान पर, अपराधी अमेरिका और खून के प्यासे ज़ायोनिस्ट शासन को ऐसा निर्णायक जवाब दिया जाएगा, जो दूसरों के लिए सबक बनेगा और उन्हें अपने किए पर पछतावा होगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लारिजानी सहित अन्य “शहीदों” की मौत का बदला अवश्य लिया जाएगा।
समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने लारिजानी की मौत के जवाब में मध्य इसराइल पर पहले ही मिसाइल हमले किए हैं।
गौरतलब है कि IRGC ईरान की नियमित सेना से अलग एक शक्तिशाली सैन्य संगठन है, जो देश की सुरक्षा और रणनीतिक अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।